अमलेश्वर (दुर्ग)। दुर्ग पुलिस ने ग्राम मोतीपुर में हुई सनसनीखेज चोरी के मामले में फरार एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात और 2 लाख 18 हजार रुपये नगद सहित कुल 6,55,277 रुपये की संपत्ति बरामद की है। इस पूरे मामले में अब तक कुल 14.77 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की जा चुकी है।
रिमांड पर पूछताछ के बाद खुला राज
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पूर्व में ही तीन आरोपी—खिलेष दास मानिकपुरी, भुनेश्वर उर्फ नानू यादव और तुलेष्वर उर्फ टिल्लू सोनकर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। विवेचना के दौरान जब आरोपी तुलेष्वर सोनकर को पुलिस रिमांड पर लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने कबूला कि चोरी की गई संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा उसने अपने जीजा गौरीशंकर खुटे के पास छिपाकर और गिरवी रखने के लिए दिया था।
रायपुर से दबोचा गया चौथा आरोपी
सूचना मिलते ही अमलेश्वर पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की टीम ने दबिश देकर आरोपी गौरीशंकर खुटे (28 वर्ष) को रायपुर की इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी का माल अपने पास होना स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर भारी मात्रा में जेवरात और नगदी बरामद की गई।
मामले का विवरण एक नजर में
- घटना: 25 से 29 जनवरी के बीच ग्राम मोतीपुर में ताला तोड़कर चोरी की गई थी।
- ताजा जप्ती: सोने के हार, अंगूठी, चांदी की पायल, चैन और ₹2,18,000 नगद।
- कुल जप्ती: पूर्व में जप्त 8.22 लाख और वर्तमान में 6.55 लाख को मिलाकर कुल ₹14,77,757 की रिकवरी।
- गिरफ्तार आरोपी: गौरीशंकर खुटे, निवासी मेढापाली (शक्ति), हाल मुकाम रायपुर।
दुर्ग पुलिस की सतर्कता
उक्त सफल कार्यवाही में थाना अमलेश्वर और एसीसीयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने एक बार फिर आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों की सुरक्षा के प्रति सजग रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

