बसना/महासमुंद: जिले में अवैध नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बसना पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि करोड़ों की संपत्ति जब्त की गई है।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया तस्करी का खेल
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बसना थाना पुलिस ने क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे एक अशोक लीलैंड ‘बड़ा दोस्त’ वाहन (क्रमांक: MP15ZL4455) को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस को चकमा देने के लिए तस्कर ने वाहन में पुराने घरेलू सामान लोड कर रखे थे, जिसके नीचे बड़ी चतुराई से गांजे की खेप छुपाकर रखी गई थी।
जब्ती का विवरण:
सघन तलाशी में पुलिस को सफलता हाथ लगी और निम्नलिखित सामग्री जब्त की गई:
- अवैध गांजा: 02 क्विंटल 74 किलो 900 ग्राम (अनुमानित कीमत: 1.37 करोड़ रुपये)
- अन्य सामग्री: गांजा परिवहन में इस्तेमाल वाहन, नगद राशि और दो महंगे टच स्क्रीन मोबाइल।
- कुल जब्त संपत्ति: 1 करोड़ 44 लाख 12 हजार 120 रुपये।
आरोपी पर NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के सागर जिले के निवासी रोशन यादव को मौके से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि तस्करी के अन्य नेटवर्क और मुख्य सरगना तक पहुंचा जा सके। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।
यह कार्रवाई जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में पुलिस की एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

