बेमेतरा। जिला मुख्यालय के चौपाटी क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कॉलेज से लौट रही बहन के साथ नाश्ता कर रहे एक युवक पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी सहित एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।
धक्का लगने की बात पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी चंद्रशेखर साहू (18 वर्ष) अपनी बहन के साथ पीजी कॉलेज से घर लौट रहा था। दोपहर करीब 2:30 बजे वे बेमेतरा चौपाटी के अंदर मोमोज खाने के लिए रुके थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल (CG 25 AD 7366) पर सवार होकर बाबू उर्फ अभिषेक गुप्ता अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा।
आरोपी बाबू गुप्ता ने प्रार्थी को धक्का दिया, जिसका विरोध करने पर आरोपी अश्लील गालियां देते हुए मारपीट करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी के साथी ने अपने पास रखे चाकू से चंद्रशेखर के पेट पर जानलेवा वार कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी (DIG) रामकृष्ण साहू और एएसपी हरीश कुमार यादव के मार्गदर्शन में कोतवाली प्रभारी सोनल ग्वाला ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी बाबू उर्फ अभिषेक गुप्ता (18 वर्ष) और एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को पकड़ लिया।
जब्ती और कानूनी धाराएं
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है:
- धाराएं: 296, 351(3), 115(2), 109(1), 3(5) BNS।
मुख्य आरोपी बाबू गुप्ता को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, वहीं नाबालिग साथी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
टीम की सराहना
इस कार्यवाही में निरीक्षक सोनल ग्वाला, एएसआई भलेतिनुस पन्ना, प्रधान आरक्षक भूषण ठाकुर, हेमंत साहू और आरक्षक पुरुषोत्तम कुंभकार, मनीष मिश्रा, राहुल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

