भिलाई/दुर्ग। शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर रकम दोगुना करने का लालच देकर लोगों को ठगने वाले गिरोह पर सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ‘ऐरिना कौप्टिल’ नामक कंपनी ने कुल ₹77 लाख की धोखाधड़ी की है। पुलिस ने कंपनी के कार्यालय से महत्वपूर्ण दस्तावेज और उपकरण जब्त किए हैं।
🚨 मामला और शिकायत
थाना सुपेला से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 19.11.2025 को प्रार्थी प्रिंस चन्द्राकर (38), निवासी धमतरी, ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 26.10.2025 से 04.11.2025 के बीच ऐरिना कौप्टिल कार्यालय, स्मृति नगर सुपेला के संचालक योगेश साहू, मैनेजर मेघा साहू, कलेक्शन एजेंट और अकाउंटेंट गौरव साना, डाटा एंट्री ऑपरेटर अरुण सरकार, और वर्किंग स्टाफ जयंत कुमार ने मिलकर उन्हें झांसा दिया।
आरोपियों ने अच्छे लाभांश और रकम दोगुना करने की बात कहकर, प्रतिमाह 10% मुनाफा देने का विश्वास दिलाकर, प्रार्थी के साथी यतीन्द्र चन्द्राकर से कुल ₹77 लाख रुपए का निवेश कराया और फिर छलपूर्वक धोखाधड़ी की।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
शिकायत पर थाना सुपेला में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। सुपेला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ऐरिना कौप्टिल कार्यालय से जयंत कुमार और अरुण सरकार को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
जब्त सामान:
पुलिस ने कार्यालय से 19 नग सील/रबर पैड, सीसीटीव्ही कैमरे का डीव्हीआर (01 नग), कंपनी के फोटो फ्रेम (08 नग), बैनर पोस्टर (02 नग), 04 सीपीयू, 05 मॉनिटर, 03 माउस, 03 कीबोर्ड, 03 प्रिंटर, नोट गिनने की मशीन (01 नग), और 01-01 मोबाइल फोन जब्त किया है।
विवेचना में पाया गया कि आरोपीगण योगेश साहू, मेघा साहू, गौरव साना, जंयत कुमार, और अरूण सरकार ने संगठित होकर योजना बनाकर लोगों को रकम दोगुना करने का भरोसा देकर धोखाधड़ी की है। इसके बाद प्रकरण में धारा 111 (4) जोड़ी गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
- अरुण कुमार सरकार (उम्र 64 साल)
- जयंत कुमार (उम्र 32 साल)
दोनों आरोपियों को दिनांक 20.11.2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
🔎 अन्य आरोपियों की तलाश जारी
प्रकरण के मुख्य आरोपी योगेश साहू, मेघा साहू, गौरव साना सहित अन्य फरार आरोपियों की पता-तलाश और गिरफ्तारी के लिए सुपेला पुलिस की टीम जुटी हुई है।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक विजय कुमार यादव, उनि दीपक चौहान, उनि धनेश्वर साहू, सउनि संतोष मिश्रा, प्र.आर अमर सिंह, योगेश चन्द्राकर, रामनारायण यदु, आर. सूर्यप्रताप सिंह, प्रीतम सिंह, दुर्गेश सिंह, धर्मेन्द्र सूर्यवंशी और प्रदीप सिंह का सराहनीय योगदान रहा।
