बिलासपुर: न्यायधानी में जारी गैस सिलेंडरों की किल्लत और इसके चलते बढ़ती कालाबाजारी के खिलाफ खाद्य विभाग ने एक निर्णायक कार्रवाई की है। शहर में गैस के लिए मचे हाहाकार के बीच विभाग की टीम ने ‘श्री महामाया एजेंसी’ के अवैध भंडारण पर दबिश देकर भारी मात्रा में सिलेंडर बरामद किए हैं।
गुप्त सूचना पर घेराबंदी और कार्रवाई
खाद्य विभाग को पुख्ता जानकारी मिली थी कि श्री महामाया एजेंसी द्वारा नियमों को ताक पर रखकर गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया जा रहा है, जिन्हें ऊंचे दामों पर खपाने की योजना थी। इस सूचना पर विभाग ने तत्काल एक विशेष टीम गठित कर घेराबंदी की और छापेमारी को अंजाम दिया।
हॉस्टल और दुकानों में छिपाए थे सिलेंडर
जांच के दौरान टीम उस समय दंग रह गई जब रिहायशी इलाकों के हॉस्टलों और व्यावसायिक दुकानों के भीतर अवैध रूप से छिपाकर रखे गए सिलेंडर मिले। सुरक्षा मानकों और नियमों की अनदेखी कर यहाँ बड़ी संख्या में घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर डंप किए गए थे।
जब्ती का ब्यौरा:
विभाग ने इस कार्रवाई में कुल 75 नग सिलेंडर जब्त किए हैं, जिनका विवरण इस प्रकार है:
- 70 नग: खाली घरेलू सिलेंडर
- 02 नग: भरे हुए घरेलू सिलेंडर
- 03 नग: खाली वाणिज्यिक (कमर्शियल) सिलेंडर
आम जनता बेहाल, कालाबाजारी पर विभाग सख्त
शहर में इस समय गैस क्राइसिस का दौर चल रहा है, जहाँ आम आदमी एक सिलेंडर के लिए संघर्ष कर रहा है। ऐसे संवेदनशील समय में एजेंसी द्वारा किया गया यह अवैध भंडारण गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। विभाग ने श्री महामाया एजेंसी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
खाद्य विभाग का संदेश: “संकट के समय में कालाबाजारी और अवैध भंडारण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपभोक्ताओं के हक पर डाका डालने वाली एजेंसियों पर ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।”

