दुर्ग (जामुल)। आईपीएल (IPL) के सीजन में ऑनलाइन सट्टे का कारोबार करने वालों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। थाना जामुल और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर ग्राम खेदामारा के पास नहर किनारे मैदान में दबिश दी और ‘BET BHAI 9’ लिंक के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
चलते-फिरते सट्टा ऑफिस का खुलासा
पकड़े गए आरोपी बेहद शातिर तरीके से सट्टा चला रहे थे। पुलिस से बचने के लिए ये आरोपी किसी एक जगह रुकने के बजाय क्रेटा कार और स्कूटी में घूम-घूमकर स्थान बदल रहे थे और मोबाइल के जरिए सट्टा ले रहे थे। पुलिस ने इनके पास से एक iPhone 14 Pro Max समेत तीन मोबाइल फोन जप्त किए हैं।
लाखों का ट्रांजैक्शन और जप्ती
पुलिस ने जब आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच की, तो उसमें सट्टे के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। आरोपियों के खातों और ऐप में करीब 2.5 लाख से 3 लाख रुपये तक के ऑनलाइन लेनदेन के सबूत मिले हैं। पुलिस द्वारा जप्त किए गए सामान का विवरण इस प्रकार है:
- वाहन: एक क्रेटा कार (CG07 BF 5311) और एक मेस्ट्रो स्कूटी (CG07 CG 7551)
- गैजेट्स: 3 महंगे स्मार्टफोन
- कुल जप्ती: करीब 4.06 लाख रुपये
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस ने इस मामले में जामुल क्षेत्र के ही तीन युवकों को गिरफ्तार किया है:
- डिकेश्वर सिन्हा उर्फ राजा (28 वर्ष) – निवासी मठपारा, जामुल
- कुलेश्वर पटेल (28 वर्ष) – निवासी खेदामारा, जामुल
- दीपेश कुमार लहरी उर्फ सन्नी (23 वर्ष) – निवासी गणेश नगर, जामुल
सख्त कानूनी कार्रवाई
जामुल थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 5, 6 और 7 के तहत अपराध क्रमांक 220/2026 पंजीबद्ध किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
दुर्ग पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे ऑनलाइन सट्टे और जुए जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें। यह न केवल आर्थिक नुकसान पहुंचाता है, बल्कि आपको जेल की सलाखों के पीछे भी भेज सकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

