दुर्ग। दुर्ग पुलिस द्वारा अवैध कार्यों और बढ़ते अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन विश्वास’ अभियान को बड़ी सफलता मिली है। थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध प्रतिबंधित नशीली दवाइयाँ (प्राॅक्सीको-स्पास टेबलेट) ज़ब्त की हैं और इस मामले में 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल भेज दिया है।

घटना का विवरण
दिनांक 11.12.2025 को थाना पुरानी भिलाई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति अवैध धन लाभ कमाने के लिए प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की बिक्री ईंट भट्ठी के पास दादर में कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की।
पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम (1) कमल किशोर उर्फ भीम (19) और (2) चंद्रकांत साहू उर्फ पटवारी (20) बताया।
भारी मात्रा में नशीली दवाइयाँ बरामद
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्ज़े से पुलिस ने कुल 840 नग अवैध प्रतिबंधित नशीली दवाइयाँ बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित क़ीमत ₹3,36,000/- रुपए है। इसके अतिरिक्त, 03 नग मोबाइल भी ज़ब्त किए गए हैं।
गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई
कमल और चंद्रकांत से पूछताछ के दौरान, उन्होंने अपने अन्य साथीगणों (3) नितेश दास (25), (4) मनीष राज (27), (5) पारस साहू (24), और (6) अब्दुल तसलीम (26) के द्वारा भी इन दवाइयों की खरीद-बिक्री में शामिल होने की जानकारी दी।
इसके आधार पर, दुर्ग पुलिस ने अवैध प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की खरीद-बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने हेतु तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
सभी 06 आरोपियों के विरुद्ध थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 503/2025 के तहत धारा 22 (सी), 27 (ए), 8 एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत मामला दर्ज कर दिनांक 11.12.2025 को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें केंद्रीय जेल भेज दिया गया है।

