दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में विश्वासघात और चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। एक घरेलू कामकाज करने वाली महिला ने अपने ही मालिक के घर से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने और हीरे के आभूषण पार कर दिए। हालांकि, दुर्ग पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पद्मनाभपुर निवासी प्रार्थी राहुल जैन (HIG-157, मिनी क्रिकेट स्टेडियम के सामने) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर से कीमती सोने और हीरे के जेवर गायब हैं। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने BNS की धारा 331(4) और 305(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी और मुखबिरों से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राजकुमार लहरे के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। संदेह की सुई घर में काम करने वाली पुरानी बाई कविता देशलहरे (36 वर्ष) पर जाकर टिकी।
जब पुलिस ने हिरासत में लेकर कविता से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी महिला पिछले काफी समय से राहुल जैन के घर काम कर रही थी और परिवार का विश्वास जीत चुकी थी। इसी विश्वास का फायदा उठाकर उसने मौका पाकर अलमारी से कीमती गहनों पर हाथ साफ कर दिया था।
बरामद सामग्री (कीमत लगभग 20 लाख रुपये):
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं, जिनमें शामिल हैं:
- एक हीरे जड़ित सोने की चेन
- दो मंगलसूत्र और एक नेकलेस
- सोने के झुमके
- चांदी की करधन, पायल और बिछिया

पुलिस की अपील
इस सफल कार्रवाई के बाद दुर्ग पुलिस ने आम जनता के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने अपील की है कि:
”अपने घरों में काम करने वाले नौकरों, ड्राइवरों या घरेलू सहायकों की नियुक्ति से पहले उनका पुलिस वेरिफिकेशन (सत्यापन) अनिवार्य रूप से कराएं। किसी भी अनजान व्यक्ति पर अंधविश्वास न करें।”
आरोपी कविता देशलहरे (निवासी स्टेशन मरोदा) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पद्मनाभपुर थाने के स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

