बेमेतरा (नांदघाट)। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में बोर्ड परीक्षा के दौरान धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का एक बड़ा मामला सामने आया है। नांदघाट पुलिस ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टेमरी में चल रही ओपन स्कूल की परीक्षा में अपनी जगह दूसरे से पेपर लिखवाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक) को भी शामिल पाया गया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अजय कुमार दुबे (केंद्र अध्यक्ष, टेमरी स्कूल) ने नांदघाट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2 अप्रैल 2026 को कक्षा 10वीं के सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान आरोपी आशिष कुमार कुर्रे (20 वर्ष) ने आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए अपनी उत्तर पुस्तिका किसी अन्य (नाबालिग) से लिखवा रहा था।
केंद्र अध्यक्ष की सजगता से इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस की कार्यवाही और धाराएं
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक लेखराम ठाकुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी आशिष कुमार कुर्रे को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के विरुद्ध इन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है:
- भारतीय न्याय संहिता (BNS): धारा 318(4), 319(2), 61(2) और 3(5)।
- छ.ग. मान्यता प्राप्त परीक्षा अधिनियम 1937: धारा 3(घ)(2) और 4।
पुलिस टीम की भूमिका
इस सफल कार्यवाही में निरीक्षक लेखराम ठाकुर के साथ प्रधान आरक्षक रविन्द्र तिवारी, विजय शुक्ला, आरक्षक मिथुन चंद्रवंशी, संजय साहू, प्रताप यादव, लालचंद भारती, आकाश राजपूत, अजय गोयल, सतीश वर्मा और महेंद्र वर्मा का विशेष योगदान रहा।
नोट: पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मारो चौकी क्षेत्र का रहने वाला है। फिलहाल मामले की विस्तृत विवेचना जारी है ताकि इस तरह के अन्य फर्जीवाड़ों पर लगाम कसी जा सके।

