गंडई (केसीजी): जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) की पुलिस ने चोरी के एक पुराने मामले का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। गंडई पुलिस ने नगर पंचायत कार्यालय में चोरी कर फरार चल रहे एक आरोपी को धर दबोचा है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया कीमती सामान भी बरामद कर लिया है।
क्या था पूरा मामला?
मामला मई 2025 का है, जब प्रार्थी कमल किशोर नेताम ने थाना गंडई में शिकायत दर्ज कराई थी कि नगर पंचायत कार्यालय से अज्ञात चोरों ने पंप के केबल वायर, स्टार्टर और कंप्यूटर सेट (मॉनिटर, सीपीयू, माउस, कीबोर्ड) चोरी कर लिए हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 39,130 रुपये बताई गई थी। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
चौकीदार के साथ सोकर दिया था घटना को अंजाम
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी घटना के दिन नगर पंचायत के चौकीदार के साथ ही सोया था और मौका पाकर रात में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया था। पुलिस तब से ही उसकी तलाश में जुटी थी।
गांव लौटते ही पुलिस ने दबोचा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी इंद्रजीत मैथिलश्री (32 वर्ष), निवासी ग्राम पेण्ड्री खुर्द (थाना खैरागढ़) अपने गांव वापस आया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
खंडहर में छिपाकर रखा था माल
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम घोघा जाने वाले रास्ते पर स्थित एक पुराने खंडहर से चोरी किया गया सामान—स्टार्टर, केबल वायर, कंप्यूटर मॉनिटर, सीपीयू, माउस और कीबोर्ड बरामद कर लिया। बरामद सामान की कीमत करीब 23,000 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्यवाही की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

