कबीरधाम/कुकदूर: जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई तीन लूट की वारदातों ने इलाके में दहशत फैला दी थी, लेकिन कुकदूर पुलिस ने अपनी सटीक रणनीति और तत्परता से इस गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से लूटा गया माल भी बरामद कर लिया है।
क्या थी घटनाएं?
फरवरी 2026 के दौरान कुकदूर थाना क्षेत्र में तीन लूट की वारदातें हुईं, जिनमें राहगीरों को डरा-धमकाकर नगदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूट ली गई थी।
- 07 फरवरी: ग्राम कबराटोला निवासी एक वाहन चालक के साथ घाटी के पास 5000 रुपये की लूट।
- 19 फरवरी: ग्राम छिन्दीडीह निवासी युवक को बहाने से बैठाकर मारपीट कर उसकी मोटरसाइकिल लूटी गई।
- 26 फरवरी: ग्राम सिंगपुर निवासी युवक के साथ कुई-बदना मार्ग पर मारपीट कर मोबाइल और नगदी छीनी गई तथा मोटरसाइकिल की चाबी ले भागे।
शुरुआत में भय के कारण पीड़ित रिपोर्ट दर्ज कराने से हिचकिचा रहे थे, लेकिन पुलिस के समझाने और सुरक्षा का भरोसा दिलाने के बाद पीड़ितों ने साहस दिखाया और मामले में अपराध क्रमांक 10/2026, 11/2026 और 12/2026 दर्ज किए गए।
पुलिस की विशेष रणनीति
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिरों से मिली जानकारी और सघन पतासाजी के आधार पर संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा।
गिरफ्तार किए गए 5 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने फिलहाल पहचान उजागर नहीं की है, पहचान परेड के बाद नाम जारी किए जाएंगे। आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल, नगदी और मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना पर भयभीत न हों और तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध की राह चुनने वालों का अंतिम ठिकाना जेल ही है।
इस सफलता में प्रधान आरक्षक हीरेंद्र प्रताप सिंह, मनोज तिवारी, संजू झारिया और आरक्षक अजय कांत तिवारी, संदीप पांडेय, दूज राम, पंच राम बघेल, रामकुमार पाटले, कृष्ण कुमार धुर्वे, ईश्वर चंद्रवंशी की भूमिका सराहनीय रही।

