कवर्धा/सहसपुर लोहारा: सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के बांधाटोला गांव में एक 20 वर्षीय विवाहित महिला का शव उसके ही घर के सेप्टिक टैंक से मिलने से हड़कंप मच गया है। शव करीब एक माह पुराना बताया जा रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
🔎 गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद मिली लाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान कामिनी निषाद (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतका के पति भोजराम निषाद ने लगभग एक माह पहले लोहारा थाने में अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस को हाल ही में घर के सेप्टिक टैंक से बदबू आने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान सेप्टिक टैंक के अंदर से कामिनी निषाद का शव बरामद किया गया।
⚠️ हत्या या हादसा? पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही लोहारा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक माह पुराने शव के सेप्टिक टैंक से बरामद होने के कारण यह मामला गंभीर रूप से संदेहास्पद माना जा रहा है।
लोहारा पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस घटना को संभावित हत्या, दुर्घटना या अन्य किसी भी पहलू से जोड़कर बारीकी से जांच कर रही है ताकि मौत के असल कारणों का पता चल सके।

