कवर्धा (कबीरधाम)। कबीरधाम जिले में होली का त्योहार खुशियों की जगह मातम में बदल गया। रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर बिरकोना के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार भाई-बहन को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में रायपुर में पढ़ाई कर रहे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई है।

त्योहार मनाने घर लौट रहे थे भाई-बहन
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अमर दीवान रायपुर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। होली का त्योहार मनाने के लिए वह अपनी बहन के साथ बाइक से रायपुर से अपने पैतृक गांव बोड़तरा लौट रहा था। अभी वे बिरकोना के पास ही पहुंचे थे कि तभी एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर ही तोड़ा दम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमर दीवान ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर मर्ग कायम कर लिया है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार पिकअप चालक की तलाश में जुट गई है।

