खुर्सीपार (दुर्ग)। खुर्सीपार क्षेत्र स्थित एक गैस एजेंसी में सिलेंडर लेने आए ग्राहकों के साथ बदसलूकी और मारपीट करना तीन बाउंसरों को महंगा पड़ गया। दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कड़ा प्रतिबंधात्मक कदम उठाया है।

लाइन लगाने को लेकर हुआ था विवाद
घटना बुधवार, 25 मार्च 2026 की है। खुर्सीपार के ‘शताक्षी गैस एजेंसी’ में सिलेंडर लेने के लिए ग्राहकों की लंबी कतार लगी थी। इसी दौरान लाइन व्यवस्थित करने के नाम पर वहां तैनात बाउंसरों ने ग्राहकों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। पीड़ित ग्राहक संतोष कुमार बैठा (32 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि जब उसने लाइन में लगने की बात कही, तो बाउंसरों ने गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता और सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए खुर्सीपार पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला। पुलिस ने आरोपी बाउंसरों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध धारा 170/126 एवं 135(3) BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की। आरोपियों को तत्काल अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM) छावनी के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार किए गए बाउंसरों के नाम:
- हरिओम चौधरी (23 वर्ष), निवासी हाथखोज, भिलाई।
- विकास सिंह (27 वर्ष), निवासी खुर्सीपार।
- विक्की विश्वकर्मा (30 वर्ष), निवासी कैंप 01, छावनी।
शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील
खुर्सीपार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यावसायिक संस्थान में सुरक्षा के नाम पर तैनात कर्मी नागरिकों के साथ मारपीट या अभद्रता नहीं कर सकते। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ऐसे उपद्रवियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाएगी।

