रायगढ़/धरमजयगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से वन्यजीव प्रेमियों को उत्साहित करने वाली एक बेहद खूबसूरत तस्वीर सामने आई है। धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज में 11 हाथियों के एक दल को विचरण करते देखा गया है, जिसकी सबसे खास बात दल के बीच मौजूद दो नन्हें शावक हैं।
ड्रोन कैमरे में कैद हुआ मनमोहक नजारा
छाल रेंज के कुडेकेला परिसर स्थित गूडाघाट डेम के किनारे हाथियों का यह कुनबा नजर आया। ड्रोन कैमरे से ली गई तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि पूरा दल अपने दोनों नन्हें सदस्यों को लेकर कितना संवेदनशील है। मादा हाथी अपने शावकों को सुरक्षित घेरे (Z-सुरक्षा जैसी घेराबंदी) के बीच रखकर जंगल में आगे बढ़ रही है, ताकि उन पर कोई खतरा न आए।
6 महीने के हैं ‘मेहमान’
वन विशेषज्ञों के अनुसार, इन दोनों नन्हें शावकों की उम्र लगभग 6 महीने के आसपास बताई जा रही है। वर्तमान में यह दल कुडेकेला और बांसाझार के जंगलों से होते हुए अब घरघोड़ा रेंज की ओर बढ़ गया है। दल में छोटे बच्चे होने के कारण हाथी अधिक आक्रामक और रक्षात्मक हो सकते हैं, जिसे देखते हुए वन विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है।
ग्रामीणों के लिए अलर्ट जारी
हाथियों की मौजूदगी और सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग एवं हाथी मित्र दल ने स्थानीय ग्रामीणों के लिए चेतावनी जारी की है:
- कुडेकेला, बांसाझार और आसपास के गांवों के लोग जंगल की ओर न जाएं।
- शाम के वक्त अकेले बाहर निकलने से बचें।
- हाथियों को देखने के लिए उनके करीब जाने या उन्हें परेशान करने की कोशिश न करें।

