राजिम/गरियाबंद:
गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम देवरी में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर सभी 11 आरोपियों को धरदबोचा है। हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
सड़क किनारे मिली थी लाश
जानकारी के मुताबिक, ग्राम देवरी में सड़क किनारे एक युवक की संदिग्ध अवस्था में लाश मिली थी। मृतक की पहचान हितेश तारक उर्फ चंदू तारक के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बारीकी से जांच शुरू की। शुरुआती जांच में ही मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था, जिसके बाद पुलिस ने संदेहियों की तलाश तेज कर दी।
पुरानी रंजिश और आदतन अपराधी था मृतक
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि मृतक हितेश तारक का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह राजिम थाने का आदतन अपराधी था, जिसके खिलाफ चोरी और मारपीट के 8 मामले दर्ज थे। साथ ही उस पर 9 बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी थी। इसी आपराधिक पृष्ठभूमि और पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही कुछ लोगों से उसका विवाद चल रहा था।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, हत्या की रात आरोपियों और हितेश के बीच विवाद हुआ। इसके बाद 11 आरोपियों ने मिलकर हितेश पर लाठी, डंडे और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटें आने के कारण हितेश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छुपाने की नीयत से लाश को सड़क किनारे फेंक दिया था।
पुलिस की कार्रवाई
राजिम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और मामले में संलिप्त सभी 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

