राजनांदगांव। पर्यटन क्षेत्र मनगटा में शांति व्यवस्था और नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले रिसॉर्ट संचालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। शनिवार को सोमनी पुलिस ने मनगटा स्थित त्रिचा रिसॉर्ट और नायरा रिसॉर्ट पर अचानक छापेमारी (Surgical Strike) की। यहाँ आने वाले ग्राहकों को अवैध रूप से शराब पीने की सुविधा मुहैया कराने पर पुलिस ने दोनों रिसॉर्ट के संचालकों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन और एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में ‘अपराध नियंत्रण अभियान’ के तहत की गई।
डीजे और शराब की मिल रही थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, सोमनी पुलिस को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि मनगटा क्षेत्र के रिसॉर्ट्स में देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाया जाता है और वहां आने वाले लोगों को अवैध रूप से शराब परोसी जा रही है। सूचना की तस्दीक के बाद थाना प्रभारी सोमनी, निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में टीम गठित कर औचक छापेमारी की गई।
इन संचालकों पर हुई कार्रवाई
छापेमारी के दौरान रिसॉर्ट परिसर में लोग शराब पीते पाए गए। पुलिस ने मौके पर मौजूद ग्राहकों को कड़ी समझाइश दी और रिसॉर्ट संचालकों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा:
- चन्द्रशेखर यादव (24 वर्ष): संचालक, त्रिचा रिसॉर्ट (निवासी बिहावबोड, घुमका)।
- सोहन निर्मलकर (30 वर्ष): संचालक, नायरा रिसॉर्ट (निवासी मनगटा, सोमनी)।
पुलिस ने दोनों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 36(च) और शांति भंग करने की आशंका में बीएनएसएस (BNSS) की धारा 170/126, 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
शांति भंग करने वाला एक अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
इसी अभियान के तहत सोमनी पुलिस ने ग्राम टेडेसरा में भी कार्रवाई की। यहाँ शांति व्यवस्था भंग करने की नीयत से वाद-विवाद कर रहे आदित्य साहू (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को माननीय एसडीएम न्यायालय राजनांदगांव के समक्ष पेश किया है।
पुलिस की चेतावनी
नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंण्डर ने स्पष्ट किया है कि पिकनिक स्पॉट और रिसॉर्ट्स में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ लाइसेंस रद्द करने जैसी कठोर कार्रवाई भी की जा सकती है।

