राजनांदगांव (छ.ग.)।
थाना सिटी कोतवाली पुलिस राजनांदगांव ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, देर रात मानव मंदिर चौक के पास चाकूबाजी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आज, 27 नवंबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
🚨 क्या है मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 26.11.2025 को रात्रि 11:08 बजे सूचना मिली थी कि लक्ष्मी मेडिकल स्टोर, मानव मंदिर चौक के पास एक व्यक्ति को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है। सूचना मिलते ही, सिटी कॉम्बिंग गस्त में निकली पुलिस की टीम चंद मिनटों के भीतर घटनास्थल पर पहुंची।
घायल अनुप यादव उर्फ मुण्डु यादव को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव ले जाया गया। चूंकि आहत की हालत गंभीर थी, अस्पताल प्रबंधन से समन्वय कर उचित इलाज की व्यवस्था की गई, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रिफर कर दिया गया है।
आहत के पिता राजेश कुमार यादव की रिपोर्ट पर, आरोपी मोहम्मद महफूज शेख के खिलाफ देहाती नालसी ली गई और दिनांक 27.11.2025 को रात्रि में ही सिटी कोतवाली में अप.क्र. 730/25, धारा 109 (1) बीएनएस, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
🔍 पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र नायक (रा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में, थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
रात्रि में ही आरोपी मोहम्मद महफूज शेख पिता मोहम्मद यासिन शेख (उम्र 28 वर्ष), साकिन शांति नगर, गली नंबर 02, ओ.पी. चिखली, जिला राजनांदगांव की तलाश की गई और उसे हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
🔪 जप्ती और न्यायिक रिमांड
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बटनदार चाकू और एक स्कूटी क्रमांक CG 08 BD- 2721 जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर आज दिनांक 27.11.2025 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
न्यायिक रिमांड प्राप्त होने पर आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव में दाखिल कर दिया गया है।
विशेष: पुलिस के अनुसार, आरोपी मोहम्मद महफूज शेख सनकी, झगड़ालू और बदमाश प्रवृत्ति का है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी गंभीर धाराओं (हाफ मर्डर) का अपराध दर्ज है।
इस कार्रवाई में निम्न पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही:
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, उप निरी. धनीराम नारंगे, प्र.आर. जी. सिरील कुमार, शम्भूनाथ द्विवेदी, संदीप चौहान, आरक्षक प्रयंश सिंह, श्रीनिवास राव, राम नारायण चंदेल, अविरल भगत एवं थाना स्टाफ।

