राजनांदगांव। जिले के थाना सोमनी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ईरा और खुटेरी के किसानों के खेतों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) सहित तीन अन्य मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है।
15 किसानों के खेतों को बनाया था निशाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खुटेरी और ईरा के खार (खेतों) में 9 दिसंबर से 12 दिसंबर 2025 के बीच चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। चोरों ने लगभग 15 किसानों के खेतों से:
- 01 नग सबमर्सिबल पंप
- 02 नग सोलर झटका मशीन
- 01 नग पानी मोटर पंप
- करीबन 2000 फीट केबल तार पार कर दिया था।
पुलिस टीम ने बिछाया जाल
लगातार हो रही चोरियों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (IPS) के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव ने मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से फरार आरोपियों की घेराबंदी की।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस ने निम्नलिखित आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है:
- दीनू मेश्राम उर्फ पिंटू उर्फ दुर्लभ (25 वर्ष): निवासी लखोली अटल आवास, राजनांदगांव।
- मयूर कसार (29 वर्ष): निवासी लखोली संतोषी नगर, राजनांदगांव।
- हुसैन देवार (39 वर्ष): निवासी टेडेसरा, थाना सोमनी।
इनके साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए केबल तार भी बरामद कर लिए हैं। गौरतलब है कि इस मामले में एक नाबालिग और एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस सफल कार्यवाही में निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव, उपनिरीक्षक बलदाउ चंद्राकर, सउनि राजू मेश्राम, प्रधान आरक्षक चंद्रभूषण सिन्हा, डूलेश्वर साहू, भूपेंद्र कोंचे, और आरक्षक लीलाराम साहू, तुषार मरकाम, दिनेश वर्मा, विनोद महिलांगे, मनोज ठाकुर सहित थाना सोमनी के स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

