राजनांदगांव। सोशल मीडिया पर रील बनाने और चलती गाड़ियों में खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है। इंस्टाग्राम पर वायरल एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर थाना बसंतपुर और यातायात पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए 6 वाहन मालिकों और चालकों के विरुद्ध FIR दर्ज की है।
क्या है पूरा मामला?
30 दिसंबर 2025 को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें क्रेटा, जिप्सी और स्कार्पियो जैसे 6 वाहनों के चालक बीच सड़क पर लापरवाही पूर्वक गाड़ियां चला रहे थे। वीडियो में कुछ नाबालिग बच्चे खिड़कियों से बाहर निकलकर डांस करते और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आए। इससे आम जनता की जान को खतरा उत्पन्न हो रहा था।

पुलिस की त्वरित कार्यवाही
वीडियो सामने आते ही पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, एएसपी राहुल देव शर्मा और सीएसपी वैशाली जैन के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। थाना प्रभारी बसंतपुर एमन साहू और यातायात प्रभारी नवरतन कश्यप के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया:
- 06 वाहनों पर केस: वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 281, 285 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 182(1)(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
- 05 वाहन जप्त: पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 5 गाड़ियों को जप्त कर लिया है।
- कार रेंटल पर शिकंजा: पुलिस ने उन कार रेंटल संस्थानों को भी घेरे में लिया है जहाँ से ये गाड़ियां किराए पर ली गई थीं।

एसपी ने खुद की बच्चों की काउंसलिंग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने स्वयं बच्चों और उनके परिजनों को एसपी कार्यालय बुलाया। वहां बच्चों को एक जिम्मेदार नागरिक बनने की ‘सिविक रिस्पॉन्सिबिलिटी’ सिखाई गई। साथ ही परिजनों को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में बच्चों को ऐसी जानलेवा गतिविधियों का हिस्सा न बनने दें।

पुलिस की अपील
राजनांदगांव पुलिस ने उन जागरूक नागरिकों का धन्यवाद किया जिन्होंने इस वीडियो को पुलिस के संज्ञान में लाया। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन या जोखिमपूर्ण गतिविधि दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
कार्यवाही में शामिल टीम: निरीक्षक एमन साहू, निरीक्षक नवरतन कश्यप, उप निरीक्षक देवादास भारती और अन्य स्टाफ की मुख्य भूमिका रही।

