बेमेतरा / देवकर:
जिला बेमेतरा के अंतर्गत आने वाली चौकी देवकर पुलिस टीम ने गौवंश तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 3 नग गौवंश और प्रयुक्त पिकअप वाहन सहित कुल 6 लाख 10 हजार रुपये का मसूका जब्त किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे फरार आरोपी की तलाश जारी है।
मुख्य बिंदु:
- घटना और शिकायत: प्रार्थी पुनीत साहू (उम्र 23 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 10 देवकर, गौवंश सेवक) द्वारा चौकी देवकर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 17 सितंबर 2026 को पिकअप वाहन क्रमांक CG 25 Q 8641 में अवैध तरीके से मवेशियों को भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नवकेशा चौक देवकर के पास वाहन को पकड़ा।
- बरामदगी एवं जब्ती: पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 5,80,000 रुपये कीमत का पिकअप वाहन और 30,000 रुपये कीमत के 3 नग गौवंश (01 भैंस एवं 02 पड़िया), कुल कीमत 6,10,000/- रुपये जप्त किए हैं।
- गिरफ्तारी: वाहन चालक करण यदु (पिता रामाधार यदु, उम्र 22 वर्ष, निवासी बांसा, थाना बेरला) को 17.09.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
कानूनी कार्रवाई:
वाहन की जांच के दौरान मवेशियों को बिना पर्याप्त चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक और बिना किसी वैध परिवहन दस्तावेज के ले जाना पाया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, छत्तीसगढ़ पशुओं का परिवहन अधिनियम तथा मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
प्रकरण में शामिल दूसरे फरार आरोपी राजेश गोस्वामी (निवासी देवपुरा, तहसील गंडई, जिला केसीजी) की तलाश पुलिस द्वारा तेजी से की जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका:
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव एवं एसडीओपी बेरला श्रीमती रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में तथा चौकी प्रभारी देवकर उप निरीक्षक अलील चंद एवं उनके समस्त स्टाफ व गौवंश सेवकों के सक्रिय सहयोग से संपन्न हुई।
