थान खम्हरिया। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आयोजित “सुशासन तिहार 2026” के तहत ग्राम दर्री में विशाल समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में साजा विधायक ईश्वर साहू ने कड़े तेवर दिखाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
”जनता परेशान हुई, तो अधिकारी होंगे परेशान”
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक ईश्वर साहू ने तल्ख लहजे में अधिकारियों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “समाधान शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करना है। अगर जनता को अपने जायज कामों के लिए भटकना पड़ा और वे परेशान हुए, तो संबंधित अधिकारियों को भी परेशानी उठानी पड़ेगी।” उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री की गारंटियों को गांव-गांव तक पहुंचाना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना ही इस आयोजन का मुख्य लक्ष्य है।
राजस्व विभाग के पास पहुंचे सर्वाधिक आवेदन
दर्री में आयोजित इस शिविर को 20 पंचायतों का क्लस्टर बनाकर आयोजित किया गया था। अपनी समस्याओं के निराकरण की आस लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर स्थल पहुंचे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित प्राप्त हुए, जिनमें जमीन विवाद, सीमांकन और नामांतरण जैसे मामले प्रमुख रहे।
हितग्राहीमूलक सामग्रियों का वितरण
शिविर के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सामग्री का वितरण भी किया गया। विधायक ने स्वयं अपने हाथों से ग्रामीणों को लाभान्वित किया और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
सुशासन तिहार 2026 का लक्ष्य
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा इस वर्ष “सुशासन तिहार” का आयोजन व्यापक पैमाने पर किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य शासन-प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना और सरकारी तंत्र को अधिक जवाबदेह बनाना है।
