ताज़ा खबर :

कंटेनर के गोपनीय चेम्बर से 407 किलो गाँजा बरामद, 2.29 करोड़ का मशरूका जप्त

​कबीरधाम (छत्तीसगढ़)। चिल्फी थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय गाँजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 407 किलो 330 ग्राम गाँजा के साथ उत्तरप्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गाँजा की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार 500 रुपये बताई गई है, जबकि ट्रक और मोबाइल समेत कुल 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये का मशरूका जप्त किया गया है।

​पुलिस के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिले के प्रमुख मार्गों पर सतर्क निगरानी और सघन जांच की जा रही है। इसी कड़ी में 23 नवंबर 2026 को चिल्फी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कंटेनर ट्रक (जिसके दोनों ओर अंग्रेजी में ‘PADHAN’ लिखा है) में भारी मात्रा में गाँजा छिपाकर रायपुर, कवर्धा और चिल्फी के रास्ते जबलपुर (मध्यप्रदेश) की ओर ले जाया जा रहा है।

​सूचना मिलते ही विशेष टीम गठित की गई और थाना चिल्फी के सामने एन.एच.-30 मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की गई। घाटी की ओर से आए संदिग्ध कंटेनर ट्रक को रोककर पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम राजू यादव (पिता सुनील कुमार, उम्र 27 वर्ष) तथा साथ बैठे व्यक्ति ने विकास यादव (पिता जयसिंग यादव, उम्र 26 वर्ष) बताया। दोनों आरोपी ग्राम मुड़िया खेड़ा, तहसील अतरौली, थाना गंगेरी, जिला अलीगढ़ (उत्तरप्रदेश) के निवासी हैं।

​ड्राइवर सीट के ऊपर बना था गोपनीय चेम्बर

ट्रक की तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए विशेष गोपनीय चेम्बर से खाकी टेप में लिपटे 192 पैकेट गाँजा बरामद किया गया। ई-साक्ष्य के तहत वीडियोग्राफी और गवाहों के समक्ष पंचनामा तैयार करने के बाद नारकोटिक ड्रग्स डिटेक्शन किट से जांच की गई, जिसकी पुष्टि सकारात्मक रही। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर कुल 407 किलो 330 ग्राम गाँजा पाया गया।

​उड़ीसा से अलीगढ़ ले जाया जा रहा था गाँजा

चिल्फी पुलिस और कबीरधाम पुलिस की ए.एन.टी.एफ. टीम की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 17 नवंबर को अलीगढ़ से कंटेनर लेकर निकले थे और 21 नवंबर को उड़ीसा के सुनकीघाटी में ट्रक के गोपनीय चेम्बर में करीब 4 क्विंटल गाँजा लोड कराया गया था। इसके बाद वे रायपुर, कवर्धा और चिल्फी मार्ग से उत्तरप्रदेश जा रहे थे।

​कुल 2.29 करोड़ रुपये से अधिक का मशरूका जप्त

  • ​गाँजा: 407 किलो 330 ग्राम (अनुमानित कीमत 2 करोड़ 03 लाख 66 हजार 500 रुपये)
  • ​कंटेनर ट्रक: अनुमानित कीमत 26 लाख रुपये
  • ​मोबाइल फोन: रेडमी कंपनी का ग्रे एंड्रॉयड फोन (अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये)

​पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 30/2026, धारा 20(B)(ii)(C) एवं 29 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर 24 नवंबर को विशेष न्यायाधीश (एन.डी.पी.एस. एक्ट) के समक्ष पेश किया। मामले में सप्लायर, नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन को लेकर आगे की विवेचना जारी है।

WhatsApp
Facebook
Telegram
X

ख़बर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें

(संपर्क करें - 8817455556-9630244446)

और पढ़ें


हार्डवेयर दुकान में चोरी का खुलासा: 2 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग अभिरक्षा में; 3.24 लाख की संपत्ति बरामद

कबीरधाम (सहसपुर लोहारा)। कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में स्थित…