कबीरधाम / कुकदुर। गुलेल से पत्थर मारने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की डंडे से पीटकर हत्या करने के मामले में थाना कुकदुर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है। घटना ग्राम डेंगुरजाम की है, जहां पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार, कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में जिले में अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में थाना कुकदुर क्षेत्र के ग्राम डेंगुरजाम में इतवारी बैगा पर गुलेल से पत्थर मारने की बात को लेकर गांव के ही मोहन बैगा, आमबाई उर्फ रामबाई बैगा और रामदयाल बैगा ने विवाद किया। आरोप है कि विवाद के दौरान तीनों ने एक राय होकर डंडे से मारपीट की, जिससे इतवारी बैगा को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कुकदुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तस्दीक कर वैधानिक कार्यवाही शुरू की। मर्ग कायम करने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। सीन ऑफ क्राइम यूनिट के वैज्ञानिक अधिकारी के मार्गदर्शन में मौके से साक्ष्य जुटाकर सीलबंद किए गए और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा तथा अन्य सामग्री जब्त की गई। पर्याप्त साक्ष्य और संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर 18 नवंबर 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- मोहन बैगा (पिता कोंदा बैगा, उम्र 45 वर्ष)
- रामदयाल बैगा (पिता मोहन बैगा, उम्र 20 वर्ष)
- आमबाई उर्फ रामबाई बैगा (पति मोहन बैगा, उम्र 40 वर्ष)
तीनों आरोपी ग्राम डेंगुरजाम, थाना कुकदुर, जिला कबीरधाम के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, प्रकरण की विवेचना जारी है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा और कुकदुर पुलिस टीम की भूमिका रही।
