कबीरधाम / सिंघनपुरी जंगल। जिले में धान के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंघनपुरी जंगल पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 74 बोरी पुराना धान लदा पिकअप वाहन पकड़ा है। बिना वैध दस्तावेज के धान का परिवहन किए जाने पर पुलिस ने मामले की सूचना खाद्य विभाग को दी, जिसके बाद वाहन और धान को आगे की वैधानिक कार्यवाही के लिए खाद्य विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कबीरधाम पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अवैध धान परिवहन पर कड़ी निगरानी रखने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में 18 नवंबर 2026 को थाना सिंघनपुरी जंगल क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भंसुला (ग्राम पंचायत जुनवानी जंगल) में बिना दस्तावेज धान परिवहन की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
जांच के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक CG-24 R-2932 में 74 बोरी पुराना धान लदा पाया गया। वाहन चालक लोचन यादव (पिता जगनूराम यादव, निवासी बासिनझोरी, थाना सहसपुर लोहारा) से धान परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल खाद्य विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे खाद्य विभाग के अधिकारियों ने नियमानुसार आगे की कार्यवाही करते हुए धान एवं पिकअप वाहन को अपनी सुपुर्दगी में लिया।
इस कार्यवाही में थाना सिंघनपुरी जंगल प्रभारी निरीक्षक राजेश चंण्ड, थाना पुलिस टीम तथा खाद्य विभाग की संयुक्त टीम की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही।
