ताज़ा खबर :

हार्डवेयर दुकान में चोरी का खुलासा: 2 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग अभिरक्षा में; 3.24 लाख की संपत्ति बरामद

कबीरधाम (सहसपुर लोहारा)। कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में स्थित एक हार्डवेयर दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 1 विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सामान व अन्य संपत्ति सहित कुल 3 लाख 24 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।

​क्या थी घटना?

​प्रार्थी देवेन्द्र जायसवाल (उम्र 31 वर्ष, निवासी खड़ौदा) ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 अक्टूबर 2026 की शाम वे उड़िया खुर्द स्थित ‘जगदीश ट्रेडर्स’ हार्डवेयर दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 10 अक्टूबर की सुबह जब वे दुकान पहुंचे, तो पीछे का दरवाजा टूटा मिला। दुकान से सबमर्सिबल मोटर, 10 सीलिंग पंखे, 7 एग्जॉस्ट पंखे, 60 एमसीबी, 4 कूलर मोटर, काउंटर में रखे 1 लाख 80 हजार रुपये नकद और अन्य सामान चोरी हो चुके थे। इस मामले में थाना सहसपुर लोहारा में अपराध क्रमांक 163/26 के तहत धारा 331(4) व 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

​तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पकड़े गए आरोपी

​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित कुमार पटेल व अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में एसडीओपी अपूर्वा क्षत्रिय और प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देश पर टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी नारायण टण्डन (31 वर्ष, निवासी घुघरीकला) और राजेश साहू (40 वर्ष, निवासी ग्राम सिंघौरी, जिला बेमेतरा) को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

​3 लाख 24 हजार रुपये की संपत्ति बरामद

​आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 2 सीलिंग पंखे, 2 एग्जॉस्ट पंखे, 28 एमसीबी, 4 कूलर मोटर, 1 स्कूटी, 1 मोटरसाइकिल (एमपी साइन गोल्ड), 1 कम्प्रेशर मशीन, 1 लोहे का सब्बल, 1 लोहे की कटर मशीन, 1 क्षतिग्रस्त टीवी (अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये) तथा 24 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

​पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

​पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। नारायण टण्डन के विरुद्ध कवर्धा, पिपरिया और बोडला थानों में चोरी के प्रकरण दर्ज हैं, वहीं राजेश साहू और अभिरक्षा में लिए गए बालक के खिलाफ भी बोडला थाने में चोरी के मामले पंजीबद्ध पाए गए हैं।

​दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय कबीरधाम में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में सहसपुर लोहारा थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर सहित साइबर और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

WhatsApp
Facebook
Telegram
X

ख़बर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें

(संपर्क करें - 8817455556-9630244446)

और पढ़ें


बेमेतरा में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार: एक दिन में बिकी 2,790 मीट्रिक टन फसल, कुल आंकड़ा 7,100 के पार

छत्तीसगढ़ में खरीफ वर्ष 2026-27 के तहत चल रहे धान खरीदी महाअभियान…