दुर्ग / सुपेला। साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में म्यूल बैंक खातों के इस्तेमाल के मामले में सुपेला पुलिस ने कार्यवाही करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है। इस प्रकरण में पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल से मिली जानकारी में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के 18 बैंक खातों का उपयोग देश के अलग-अलग राज्यों में हुई ऑनलाइन साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने में किए जाने का खुलासा हुआ था। इस मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1324/2026 (धारा 318(2), 318(3), 318(4) बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संबंधित बैंक खातों का विवरण जुटाया और बैंक स्टाफ के बयान दर्ज किए। जांच में सामने आया कि भिलाई निवासी उमेश शर्मा (उम्र 41 वर्ष, निवासी क्वार्टर नंबर 72/जे, शांति पारा, कैम्प-01, सड़क नंबर 18, थाना छावनी, जिला दुर्ग) के बैंक खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम मंगवाने में किया गया है।
पूछताछ में आरोपी उमेश शर्मा ने स्वीकार किया कि उसने अपना बैंक खाता एक अज्ञात व्यक्ति को उपलब्ध कराया था, जिसमें साइबर ठगी की रकम जमा कराई जाती थी और वह उसे नकद प्राप्त करता था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सुपेला एस.एन. सिंह, उप निरीक्षक चितराम ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक गंगाराम रावत और आरक्षक अजित यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या गोपनीय बैंकिंग जानकारी न दें और साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें।
