राजनांदगांव। नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोमनी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक इलेक्ट्रिक ऑटो से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए माल ढुलाई वाले इलेक्ट्रिक ऑटो का सहारा लिया था, लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
रायपुर से राजनांदगांव आ रहा था जखीरा
सोमनी थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रायपुर की ओर से आ रहे एक इलेक्ट्रिक ऑटो (क्रमांक CG 04 QF 3543) में अवैध रूप से गांजे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने टेडेसरा के पास मोर्चा संभाला और संदिग्ध ऑटो को घेराबंदी कर रोका।
तलाशी में मिला 14 किलो से अधिक गांजा
ऑटो की सघन तलाशी लेने पर पुलिस को उसके भीतर छिपाकर रखे गए 8 छोटे-बड़े पैकेट मिले। इन पैकेटों को खोलने पर उनमें कुल 14.662 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बाजार में इस अवैध खेप की अनुमानित कीमत 7,33,100 रुपये आंकी गई है।
रायपुर के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जो रायपुर के निवासी बताए जा रहे हैं:
- दुर्गेश रायकर उर्फ विक्की (30 वर्ष): निवासी हीरापुर, लाटरी नगर।
- मो. जुलफीकार उर्फ राजा (32 वर्ष): निवासी कबीरनगर, अटल आवास।
- दीपक साहू (38 वर्ष): निवासी कबीरनगर, अटल आवास।
कार्यवाही और गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपियों के पास से तस्करी में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक ऑटो और मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। आरोपियों के खिलाफ धारा 20(ख) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

