भिलाई नगर | 27 दिसंबर 2025: सेक्टर-6 में आयोजित पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘दिव्य श्री हनुमंत कथा’ में उमड़ रही भारी भीड़ का फायदा उठाकर सक्रिय होने वाले अपराधी तत्वों पर भिलाई नगर पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है। पुलिस ने पंडाल के आसपास संदिग्ध अवस्था में घूम रही 9 महिलाओं को हिरासत में लिया है, जो बाहरी राज्यों से आकर चोरी और चेन स्नेचिंग की फिराक में थीं।

संदिग्धों पर पैनी नजर, बिना ID के मिलीं महिलाएं
25 दिसंबर से शुरू हुए इस भव्य आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए थे। इसी कड़ी में पुलिस टीम ने पंडाल और आसपास के क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान महाराष्ट्र, राजस्थान और हरियाणा जैसे राज्यों से आई संदिग्ध महिलाएं मिलीं, जिनके पास न तो कार्यक्रम का प्रवेश पास था और न ही कोई वैध पहचान पत्र (आधार कार्ड)।
इन महिलाओं पर हुई कार्रवाई
पकड़ी गई महिलाएं अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ी संदिग्ध मानी जा रही हैं। इनके नाम निम्नलिखित हैं:
- कमसा मारमुत्तु नायडू (महाराष्ट्र)
- काजल नायडू (महाराष्ट्र)
- पूजा रजनी नायडू (नन्दूरबार, महाराष्ट्र)
- रोशनी रजनी नायडू (नन्दूरबार, महाराष्ट्र)
- सुमन इकरन
- अनीता जाटव (भरतपुर, राजस्थान)
- मोनी जाटव
- गुड्डी जाटव (पलवल, हरियाणा)
- गौरी जाटव (चितौकरी, राजस्थान)
विशेष टीमों का गठन
पुलिस प्रशासन ने पाकेटमारी और चेन स्नेचिंग जैसी वारदातों को रोकने के लिए विशेष टीमों की तैनाती की है। विशेषकर बाहरी राज्यों से आने वाले संदिग्ध गिरोहों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। पकड़ी गई महिलाओं के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार कर उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस की अपील: कथा में आने वाले श्रद्धालु अपनी कीमती वस्तुओं और आभूषणों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखने पर तुरंत नजदीकी पुलिस सहायता केंद्र को सूचित करें।

