कांकेर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला पुलिस, डीआरजी (DRG), बीएसएफ (BSF) और बीडीएस (BDS) की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक, टिफिन आईईडी (IED) और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जवानों ने नक्सलियों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए दो बड़े नक्सल डंप ध्वस्त किए हैं।

पहली कार्रवाई: गुमचूर के जंगलों से मिला कारतूसों का जखीरा
मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर-नारायणपुर सीमा पर स्थित ग्राम गुमचूर के जंगलों में सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान जवानों को जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सलियों का एक बड़ा डंप मिला।
बरामद सामग्रियां:
- 42 नग .303 राइफल राउंड
- 75 नग 7.62 एसएलआर (SLR) राउंड
- 21 नग 5.56 राइफल राउंड
- 2 नग 7.62 एमएम एसएलआर मैग्जीन फिलर
- 6 नग इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और भारी मात्रा में नक्सल साहित्य।
दूसरी कार्रवाई: पदालमस्पी की पहाड़ियों से कंट्री मेड पिस्टल और IED बरामद
उसी दिन एक और सर्च ऑपरेशन ग्राम पदालमस्पी के जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में चलाया गया। यहां भी डीआरजी जवानों और बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) की टीम को एक और नक्सल डंप ढूंढने में सफलता मिली। इस ठिकाने से जवानों ने एक कंट्री मेड पिस्टल, 2 किलो वजनी टिफिन आईईडी (IED), 1 पावर कंट्रोलर, बिजली के तार और बैटरी बरामद की।
सीमावर्ती इलाकों में लगातार जारी है सर्च ऑपरेशन
कांकेर और नारायणपुर के धुर नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षाबल लगातार संयुक्त अभियान चला रहे हैं। हाल ही में इन इलाकों से नक्सलियों की वर्दी और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई थी। लगातार मिल रही इन कामयाबियों से नक्सली बैकफुट पर हैं, वहीं अंदरूनी क्षेत्रों में जवानों की मुस्तैदी और तेज कर दी गई है।

