दुर्ग-भिलाई (छत्तीसगढ़)।
नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत दुर्ग पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुम्हारी पुलिस और एसीसीयू (क्राइम टीम) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से आ रही एक क्रेटा कार से भारी मात्रा में गांजा जप्त किया है। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए कार के चारों दरवाजों के भीतर विशेष गुप्त चेंबर बना रखे थे, जिसे पुलिस की सतर्कता ने बेनकाब कर दिया। मामले में उड़ीसा और दुर्ग के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

खुली आंखों से देखना था नामुमकिन, ऐसे खुला राज
पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक क्रेटा कार में भारी मात्रा में अवैध गांजा भरकर महासमुंद और रायपुर के रास्ते दुर्ग-भिलाई में खपाने के लिए लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान रायपुर की तरफ से आ रही क्रेटा कार (क्रमांक CG 04 HX 6908) को रोककर जांच की गई।
शुरुआती जांच में कार से गांजे की गंध आने पर जब पुलिस ने बारीकी से तलाशी ली, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। तस्करों ने कार के चारों दरवाजों के अंदरूनी खाली हिस्से को गुप्त चेंबर में तब्दील कर दिया था। इसमें गांजे के पैकेट छिपाकर ऊपर से फाइबर शीट चिपका दी गई थी, ताकि सामान्य तौर पर देखने पर कुछ पता न चले। पुलिस टीम ने सूझबूझ से फाइबर परत को हटवाकर चेंबरों में छिपाया गया 14.5 किलोग्राम गांजा बरामद कर लिया, जिसकी बाजार में कीमत करीब ₹7,25,000 है।
उड़ीसा के कंधमाल से लाया जा रहा था गांजा
कार में सवार दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने अपने नाम इस प्रकार बताए:
- तीरथा ठेला (36 वर्ष): निवासी अचलपुर, जिला नुआपाड़ा (उड़ीसा)
- किशन जगत (35 वर्ष): निवासी स्टेशन चौक, कुम्हारी, जिला दुर्ग (छ.ग.)
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूला कि वे यह गांजा उड़ीसा के कंधमाल इलाके से खरीदकर लाए थे और दुर्ग-भिलाई के स्थानीय तस्करों व ग्राहकों को बेचने वाले थे। आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि वे पहले भी इसी हाईटेक तरीके का इस्तेमाल कर गांजे की खेप ठिकाने लगा चुके हैं।
कार समेत ₹17.77 लाख का मशरूका जप्त, आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित सामग्रियां जप्त की हैं:
- 14.5 किलोग्राम अवैध गांजा (कीमत ₹7.25 लाख)
- हुंडई क्रेटा कार (क्रमांक CG 04 HX 6908)
- ₹22,000 नगद और मोबाइल फोन
- कुल जुमला कीमती: लगभग ₹17,77,000
कुम्हारी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस इस रैकेट से जुड़े अन्य स्थानीय नेटवर्क की भी तलाश कर रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
