साल्हेवारा (जिला के.सी.जी.): जिला केसीजी पुलिस ने मवेशी ले जा रहे एक व्यापारी का रास्ता रोककर मारपीट करने और 36,000 रुपये की अवैध वसूली करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर 05 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 04 अपचारी बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
प्रार्थी सागर तुरकर (26), निवासी मलाजखंड (म.प्र.) ने 08 जून को साल्हेवारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने गंडई मवेशी बाजार से खेती के लिए 05 बैल खरीदे थे। 08 जून की सुबह करीब 04:30 बजे, जब वह अपने पिता के साथ बैलों को लेकर घर लौट रहा था, तब गोपालटोला और भाजीडोंगरी के बीच कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने प्रार्थी को ‘मवेशी तस्कर’ बताकर 1,00,000 रुपये की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने प्रार्थी के साथ मारपीट की और डरा-धमकाकर फोन-पे के जरिए 30,000 रुपये और रिश्तेदार से 6,000 रुपये मंगवाकर कुल 36,000 रुपये की जबरन वसूली की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
थाना साल्हेवारा में अपराध क्रमांक 19/2026, धारा 126(2), 296, 351(2), 115, 191(2) एवं 308(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की।
जब्ती और गिरफ्तारी
पुलिस ने सभी 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और 04 अपचारी बालकों को हिरासत में लिया है। उनके पास से:
- 02 मोटरसाइकिलें (घटना में प्रयुक्त)
- 04 मोबाइल फोन
- 27,500 रुपये नकद (उगाही की राशि से) बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
- संजू कुमार केकती (19), निवासी झाझनगर
- दिनेश नेताम (20), निवासी झाझनगर
- रिवन नेताम (26), निवासी रेंगाखार
- फलचंद मेहरा (26), निवासी ग्राम खादी
- लक्ष्मण यादव (20), निवासी ग्राम देवपुराघाट
सभी आरोपियों को माननीय जेएमएफसी न्यायालय, छुईखदान और अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड, राजनांदगांव के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में भय का माहौल है।
