भिलाई। दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदनी रोड स्थित केनरा बैंक के एटीएम में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो युवकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
क्या था मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, 13 जून 2026 को प्रार्थी अशोक कुमार जांगड़े, जो कि रिसाली के निवासी हैं, ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि बेदी कॉम्प्लेक्स, नंदनी रोड स्थित केनरा बैंक के एटीएम का गेट अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तोड़ दिया गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 388/2026, धारा 324(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी जांच से पकड़े गए आरोपी
विवेचना के दौरान थाना छावनी पुलिस ने मुखबिरों की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। पूछताछ में शिवम कुमार (19) और रितिक कुमार सिंह (19), दोनों निवासी युवा अंकुश चौक, छावनी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने शरारतवश एटीएम के गेट में तोड़फोड़ की थी।
पुलिस की कड़ी कार्रवाई
मामला जमानतीय होने के कारण आरोपियों को थाने से जमानत मुचलके पर रिहा किया गया, लेकिन भविष्य में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही का इस्तगासा तैयार कर माननीय एसडीएम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने इस घटना के माध्यम से आम नागरिकों से सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक संस्थानों में तोड़फोड़ या उपद्रव फैलाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
