राजनांदगांव: जिले के थाना सोमनी क्षेत्र के चर्चित मनगटा युवती प्रकरण में राजनांदगांव पुलिस ने बड़ी और त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने युवती के साथ जबरन शराब पिलाकर दुष्कर्म करने के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही घटना में शामिल ‘व्हिसलिंगवुड्स रिसोर्ट’ को भी सील कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
बीते 18 जून 2026 को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेण्ड्री से पुलिस को एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु की सूचना मिली थी। थाना सोमनी में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने पाया कि मृतिका के साथ गंभीर अपराध हुआ था।
आरोपियों की करतूत
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी आशुतोष हिरवानी, छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख और घनश्याम बेलचंदन ने सुनियोजित तरीके से युवती को बहला-फुसलाकर रायपुर ले जाने के बहाने अपने साथ ले गए थे। इस दौरान रास्ते में उन्होंने युवती को जबरन शराब पिलाई। इसके बाद उसे मनगटा स्थित व्हिसलिंगवुड्स रिसोर्ट ले जाया गया, जहाँ उसकी मदहोशी का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी आशुतोष ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान युवती को गंभीर चोटें भी आई थीं।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में गठित थाना सोमनी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों के खिलाफ धारा 64, 115(2) और 3(5) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
इनकी हुई गिरफ्तारी:
- आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु (26 वर्ष): निवासी बुचीभरदा, जिला राजनांदगांव।
- छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25 वर्ष): निवासी टेड़ेसरा, जिला राजनांदगांव।
- घनश्याम बेलचंदन (25 वर्ष): निवासी ग्राम निकुम, जिला दुर्ग।
रिसोर्ट संचालकों को बड़ा संदेश
इस कार्रवाई के तहत पुलिस ने घटना स्थल ‘व्हिसलिंगवुड्स रिसोर्ट’ को भी सील कर दिया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य रिसोर्ट संचालकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल, आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है।

