राजनांदगांव: जिले के थाना लालबाग अंतर्गत मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे निगरानी बदमाश और हिस्ट्रीशीटर जय उर्फ जया नेताम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अपने भाइयों के साथ मिलकर एक व्यक्ति और उसके पिता पर प्राणघातक हमला करने का आरोप है।
क्या था पूरा मामला?
मामला 17 मई 2026 की रात का है। प्रार्थी युवराज साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अटल आवास पेण्ड्री के पास फोन पर बात कर रहा था, तभी विजय नेताम, दीपक उर्फ टिकली नेताम और जय उर्फ जया नेताम ने वहां पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपियों ने प्रार्थी के साथ मारपीट की और जब उसके पिता गिरधारी साहू बीच-बचाव करने आए, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इसी दौरान आरोपी विजय नेताम ने टंगिया (फरसा) से गिरधारी साहू के सिर पर घातक वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
दो भाई पहले ही जा चुके हैं जेल
घटना के बाद थाना लालबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 207/2026 के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने घटना के अगले ही दिन यानी 18 मई को मुख्य आरोपी विजय नेताम और दीपक उर्फ टिकली को गिरफ्तार कर लिया था, साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया था।
हिस्ट्रीशीटर आरोपी की गिरफ्तारी
घटना के बाद से तीसरा आरोपी जय उर्फ जया नेताम लगातार फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लालबाग पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई थी। मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर 20 जून को उसे धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, आरोपी जय नेताम एक निगरानी बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
न्यायिक रिमांड पर जेल
गिरफ्तारी के बाद आरोपी जय उर्फ जया नेताम को विधिवत रूप से माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। थाना लालबाग पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है।

