
देवकर / बेमेतरा:-नगर के प्रतिष्ठित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) देवकर के विद्यार्थियों ने 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दुर्ग संभाग का मान बढ़ाया है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे बेमेतरा जिले में हर्ष का माहौल है।
तलवारबाजी (फेंसिंग) में दिखा दमखम
दुर्ग में 31 अगस्त से 3 सितंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय फेंसिंग प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पदक जीतकर अपना लोहा मनवाया:
- प्रियल गुप्ता (कक्षा 8वीं): टीम इवेंट में स्वर्ण पदक और व्यक्तिगत इवेंट में कांस्य पदक प्राप्त किया। प्रियल का चयन राष्ट्रीय स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता लुधियाना (पंजाब) के लिए छत्तीसगढ़ राज्य टीम में हुआ है।
- चेतना कुमारी (कक्षा 6वीं): टीम इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल किया।
- रूही शर्मा (कक्षा 8वीं): सेबर टीम इवेंट में रजत पदक अपने नाम किया।
- इसके अलावा फुटबॉल (अंडर-19 बालिका वर्ग) में कक्षा 12वीं की छात्रा ममता साहू ने दुर्ग संभाग का प्रतिनिधित्व किया।
शतरंज में भी चमके खिलाड़ी
इसी अवधि में मुंगेली में आयोजित राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में भी देवकर के खिलाड़ियों ने शानदार सफलता हासिल की:
- अक्षय राजपूत (कक्षा 12वीं): टीम इवेंट में रजत पदक और व्यक्तिगत इवेंट में कांस्य पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तरीय शालेय प्रतियोगिता (दिल्ली) के लिए अपनी जगह पक्की की।
- रेमन वैष्णव व भावना सोनकर (कक्षा 12वीं) तथा एकता देवांगन (कक्षा 9वीं): ने भी दुर्ग संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम इवेंट में रजत पदक प्राप्त किया।
शिक्षकों और पालकों में खुशी की लहर
विद्यार्थियों की इस अभूतपूर्व सफलता का श्रेय उनकी कड़ी मेहनत और विद्यालय के व्यायाम शिक्षक योगेश साहू के कुशल मार्गदर्शन को जाता है।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर संस्था प्रमुख अनिल कुमार डहाले, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रविशंकर सोनी, उपाध्यक्ष संजीव साहू, सदस्य मंजू अग्रवाल, रजनी गुप्ता, प्रधानपाठक नमिता सिंह सहित समस्त शिक्षकों और पालकों ने गर्व व्यक्त करते हुए सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
