दुर्ग जिले की थाना उतई पुलिस ने ग्राम डुण्डेरा के कचरू नगर में स्थित एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले में पहले ही 04 वयस्क आरोपियों और 02 अपचारी बालकों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है, जबकि मुख्य फरार आरोपी को भी अब न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
जांच में सामने आया कि प्रार्थी सदीश कुमार के भाई का मकान लंबे समय से बंद था, क्योंकि वे विदेश में रहते हैं और परिवार अन्यत्र निवास करता है। इसी का फायदा उठाकर 07-08 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपियों ने मकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया था। चोरों ने घर से एलईडी टीवी, लैपटॉप, फ्रिज, वाशिंग मशीन, पंखे, सोने के आभूषण और अन्य घरेलू सामग्री सहित कुल 1,60,000 रुपये की संपत्ति चोरी कर ली थी। इस संबंध में थाना उतई में अपराध क्रमांक 501/2026 (बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत) पंजीबद्ध किया गया था।
थाना उतई पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पूर्व में कई आरोपियों को पकड़ा था। इसी कड़ी में फरार चल रहे आरोपी अजय धनकर (उम्र 19 वर्ष, निवासी कचरू नगर, ग्राम डुण्डेरा) को दिनांक 16.11.2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी सूने मकानों की रेकी कर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे और चुराए गए सामान को अलग-अलग जगहों पर बेचकर पैसे आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने पूर्व की कार्रवाई में फ्रिज, वाशिंग मशीन, लैपटॉप, सोने के आभूषण और बिक्री से प्राप्त 58,500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि लंबे समय तक मकान सूना छोड़ने से पहले पड़ोसियों या नजदीकी थाने को जरूर सूचित करें तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जैसे सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाएं।
