बेमेतरा:- जिले के थाना बेरला क्षेत्रांतर्गत ग्राम सुरहोली-कुसमी मार्ग पर बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मृतक मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के निवासी थे, जो बेमेतरा में टावर निर्माण कार्य के सिलसिले में रह रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और शवों का पंचनामा कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में ठेकेदार और मृतक के भाई पापन राजवंशी ने चौकी कंडरका में सूचना दर्ज कराई। उसने बताया कि उसका भाई मनोज राजवंशी और साथी जगदीश राजवंशी अन्य मजदूरों के साथ ग्राम सुरहोली में टावर लगाने के कार्य में जुटे हुए थे। दोपहर करीब एक बजे दोनों लंच के दौरान मोटरसाइकिल से पास के गांव कुसमी से नाश्ता लाने की बात कहकर निकले थे। उस समय इलाके में तेज बारिश के साथ भीषण आकाशीय बिजली चमक रही थी।
दोपहर करीब दो बजे सुरहोली-कुसमी मार्ग पर डी बाउली तालाब के पास बरगद के पेड़ के नीचे दोनों मजदूर अचेत अवस्था में मिले। पास जाकर देखने पर पता चला कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दोनों की मौत हो चुकी थी। बिजली के तीव्र प्रभाव से मनोज राजवंशी के सिर और पैर में जलने के निशान थे, वहीं जगदीश राजवंशी के कपड़े जलकर फट गए थे और शरीर पर गंभीर चोट व झुलसने के निशान पाए गए।
मृतकों की पहचान 26 वर्षीय मनोज राजवंशी निवासी ग्राम धूमादिधी, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल और 25 वर्षीय जगदीश राजवंशी निवासी बंगाबरी, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बेमेतरा के ग्राम ढाबा में रहकर मजदूरी कर रहे थे। कंडरका पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
