बालोद। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र से ब्लैकमेलिंग और साइबर अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने पहले युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाया, फिर उसका अश्लील वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
ऐसे बिछाया जाल: कॉल से शुरू हुई थी बात
घटना की शुरुआत तब हुई जब पीड़िता अपनी मौसी से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी। इसी दौरान आरोपी युवक ने अपनी भाभी के जरिए युवती का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। अगले 15 दिनों तक दोनों के बीच बातचीत होती रही। हालांकि, युवती के पिता को भनक लगते ही उन्होंने नंबर ब्लॉक करवा दिया था, लेकिन आरोपी ने हार नहीं मानी और इंस्टाग्राम के जरिए दोबारा संपर्क साधा।
ब्लैकमेलिंग और वसूली
युवक ने युवती को प्रेम जाल में फंसाकर वीडियो कॉल के दौरान उसका न्यूड वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद असली चेहरा सामने आया:
- धमकी: आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 50,000 रुपये की मांग की।
- वसूली: डर के मारे पीड़िता ने शुरुआत में 990 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए।
- घिनौनी हरकत: और पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने युवती का अश्लील वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच में पता चला है कि आरोपी महाराष्ट्र के पुणे का रहने वाला है और पीड़िता की मौसी का देवर है।
एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर की अपील:
“सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति से अपनी निजी जानकारी, फोटो या वीडियो साझा न करें। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सावधानी ही सुरक्षा है। यदि कोई ब्लैकमेल करे, तो डरे नहीं और तुरंत पुलिस को सूचना दें।”

