पाटन/रानीतराई (दुर्ग)। उधारी के पैसे मांगना एक इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी को भारी पड़ गया। दुर्ग जिले के रानीतराई थाना क्षेत्र में साल 2019 के बकाया पैसे मांगने पर दो युवकों ने व्यापारी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी समेत उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
रानीतराई मेन रोड पर अनिल कुमार देवांगन की इलेक्ट्रॉनिक दुकान है। आरोपी देवदत्त ठाकुर ने साल 2019 में अनिल की दुकान से कुछ सामान खरीदा था, जिसका भुगतान लंबे समय से बकाया था। बुधवार रात करीब 9:30 बजे जब अनिल ने अपने पैसे मांगे, तो विवाद बढ़ गया।
आरोपी देवदत्त ठाकुर अपने साथी बबलू ठाकुर के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर दुकान पहुंचा। वहां गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने धारदार हथियार से अनिल पर हमला कर दिया। हमले में व्यापारी के गाल और दांत में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस की त्वरित घेराबंदी और गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही रानीतराई पुलिस सक्रिय हुई। निरीक्षक के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से हमले में प्रयुक्त धारदार हथियार और भागने में इस्तेमाल की गई मोटर सायकल (CG 05 N 8151) जप्त कर ली है।
कार्रवाई का विवरण:
- आरोपी: देवदत्त ठाकुर (40 वर्ष, रानीतराई) और बबलू ठाकुर (21 वर्ष, बिलासपुर)।
- धाराएं: बीएनएस (BNS) की धारा 109, 333, 3(5) के तहत मामला दर्ज।
- टीम: एएसआई दिनेश राठौर, प्रधान आरक्षक श्याम सिंह और आरक्षक रितेश साहू की मुख्य भूमिका।
दुर्ग पुलिस की नसीहत
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि रुपयों के लेन-देन या किसी भी प्रकार के विवाद को कानून हाथ में लेकर हल न करें। हिंसक घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ जिला पुलिस सख्त रुख अपनाएगी।

