दुर्ग:
जिले में सूखे नशे के अवैध कारोबार पर दुर्ग पुलिस ने शिकंजा कसना जारी रखा है। इसी कड़ी में थाना मोहन नगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए धमधा रोड सब्जी मंडी क्षेत्र से 600 नग नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 2,40,000 रुपये कीमत की नशीली दवाएं और 230 रुपये नगद जप्त किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
थाना मोहन नगर पुलिस को मुखबिर के जरिए नशीली दवाओं के अवैध कारोबार और परिवहन की पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए धमधा रोड सब्जी मंडी क्षेत्र में घेराबंदी की। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर रोके गए व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद हुईं।
कुदरा पारा का रहने वाला है आरोपी
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी की पहचान कृष्णा दास मानिकपुरी (उम्र 25 वर्ष), निवासी कुदरा पारा, ग्रीन चौक, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। आरोपी अवैध रूप से इन नशीली टैबलेट को अपने पास रखकर बिक्री या आपूर्ति करने की फिराक में था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 616/2026 दर्ज किया है। उस पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 22 और 27(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
इस सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना मोहन नगर के पीएसआई भूपेंद्र कुमार, प्रधान आरक्षक लक्ष्मी नारायण पात्रे, आरक्षक जीतेश यादव, आरक्षक परस मांडवी, आरक्षक अमित वर्मा और आरक्षक तुषार सलामे शामिल रहे।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आस-पास नशीली दवाओं के अवैध विक्रय, सेवन या परिवहन से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और अवैध कारोबारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
