दुर्ग। जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलगांव पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पीसेगांव नदी रोड के पास आम लोगों को धारदार हथियार दिखाकर डराने-धमकाने वाले दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घातक हथियार बरामद किए गए हैं।
पेट्रोलिंग के दौरान मिली सूचना
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार 16 मार्च 2026 को पुलगांव थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान पुलगांव चौक के पास मुखबिर से सूचना मिली कि पीसेगांव नदी रोड पर दो युवक हाथ में हथियार लहरा रहे हैं और आने-जाने वाले लोगों को डराकर भय का माहौल पैदा कर रहे हैं।
घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से खतरनाक हथियार बरामद हुए।
पकड़े गए आरोपियों का विवरण:
- मयंक बांधे (19 वर्ष): निवासी ग्राम चंदखुरी (कब्जे से एक लोहे का चापड़नुमा धारदार हथियार जप्त)।
- दिनेश ठाकुर (19 वर्ष): निवासी ग्राम कोनारी (कब्जे से एक स्टील का बटनदार धारदार हथियार जप्त)।
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलगांव पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 280/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में उप निरीक्षक बेदराम चंद्रवंशी, सहायक उप निरीक्षक सुभाष कुमार साहू, प्रधान आरक्षक सुनील कुमार सोनी, आरक्षक अश्वनी यादव और हरीशचंद सिन्हा का विशेष योगदान रहा।
दुर्ग पुलिस की अपील: पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध गतिविधि या हथियार लहराने जैसी घटना दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

