ताज़ा खबर :

हाईवे के ‘एटीएम हंटर’ गिरफ्तार: न मोबाइल, न टोल रोड… फिर भी दुर्ग पुलिस के चक्रव्यूह में फंसे शातिर चोर!

नंदिनी नगर (दुर्ग)। दुर्ग पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एटीएम उखाड़कर चोरी करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ और शामली से ताल्लुक रखने वाले गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सुनसान इलाकों में रेकी कर मेटाडोर वाहन की मदद से पूरा का पूरा एटीएम उखाड़ ले जाने की साजिश रचता था।

मेटाडोर से खींचकर एटीएम उखाड़ने की थी साजिश

​घटना पिछले साल 13 नवंबर 2025 की है, जब ननकट्ठी बस स्टैंड के पास स्थित हिताची कंपनी के एटीएम को उखाड़ने का प्रयास किया गया था। जांच में पता चला कि आरोपियों ने इस वारदात के लिए ग्राम गनियारी से एक मेटाडोर वाहन (CG 07 AV 1310) चोरी किया था। आरोपियों ने एटीएम मशीन को रस्सी से बांधकर वाहन के जरिए खींचकर उखाड़ने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों के जाग जाने के कारण वे मशीन छोड़कर फरार हो गए थे।

हाईटेक और शातिर है गिरोह का ‘मोड्स ऑपरेंडी’

​पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। गिरोह के सदस्य वारदात के दौरान बेहद सावधानी बरतते थे:

  • डिजिटल फुटप्रिंट से बचाव: आरोपी मोबाइल फोन बंद रखते थे और केवल इंटरनेट कॉलिंग का उपयोग करते थे।
  • सीसीटीवी को चकमा: एटीएम के कैमरों पर पेंट या ग्रीस लगा देते थे ताकि पहचान न हो सके।
  • फर्जी पहचान: पकड़े जाने से बचने के लिए ये लोग कपड़े बेचने वाले फेरीवाले या ड्राइवर बनकर रेकी करते थे।
  • रास्ते का चयन: ये कभी ढाबे या होटल में नहीं रुकते थे और टोल टैक्स से बचने के लिए गूगल मैप के जरिए अंदरूनी रास्तों का इस्तेमाल करते थे।

मध्य प्रदेश की जेल से लाए गए आरोपी

​विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी आरीफ उर्फ बाठू और अहसान उर्फ एहसास मध्य प्रदेश के कटनी जिले की जेल में बंद हैं। दुर्ग पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट के जरिए उन्हें हिरासत में लिया और पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपियों का विवरण और रिकॉर्ड

  1. आरीफ उर्फ बाठू (35 वर्ष): निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश।
  2. अहसान उर्फ एहसास (35 वर्ष): निवासी शामली, उत्तर प्रदेश।

​इन आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के मेरठ, शामली और मध्य प्रदेश के कटनी में लूट, चोरी और एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मेटाडोर और अन्य उपकरण भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस की अपील

​दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि एटीएम या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि को देखने पर तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें। पुलिस ने साफ किया है कि संगठित अपराध करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

WhatsApp
Facebook
Telegram
X

ख़बर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें

(संपर्क करें - 8817455556-9630244446)

और पढ़ें


मंच के पास चल रहा था सट्टे का ‘खेल’, दुर्ग पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को दबोचा!

भिलाई नगर, जिला दुर्ग दुर्ग पुलिस ने अवैध जुआ और सट्टा कारोबार…

सावधान! बंद दुकान के गल्ले पर थी चोर की नजर, बेमेतरा पुलिस ने 24 घंटे में किया पर्दाफाश।

थान खम्हरिया, जिला बेमेतरा जिला पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए किराना दुकान…