राजनांदगांव। जिले की बसंतपुर पुलिस ने झपटमारी के एक मामले में तत्परता दिखाते हुए महज 3 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जमीन दिखाने और नोट दोगुना करने का लालच देकर महाराष्ट्र के एक व्यक्ति से 1.75 लाख रुपये लूटने वाले शातिर ठग को पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है।
जमीन दिखाने के बहाने बुलाया राजनांदगांव
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी जयराम नागपुरे (निवासी गोंदिया, महाराष्ट्र) अपने साथी के साथ जमीन देखने के लिए 9 अप्रैल को राजनांदगांव के मोहारा आए थे। उनके पास जमीन का सौदा करने के लिए बैग में 1,75,000 रुपये नकद थे। आरोपी मनोज जोशी उर्फ अमित हट्टेवार वहां पहुंचा और बातों-बातों में प्रार्थी को असली नोटों के बदले नकली नोट देकर रकम डबल करने का लालच देने लगा।
मौका पाकर बैग झपटा और फरार हुआ
जैसे ही प्रार्थी का ध्यान भटका, आरोपी मनोज जोशी ने पैसों से भरा बैग झपटा और हाईवे की ओर भाग निकला। पीड़ित ने तत्काल इसकी सूचना थाना बसंतपुर में दी। पुलिस ने बीएनएस की धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
एसपी सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में तत्काल एक विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी सुरागों और मुखबिर की सूचना पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी मनोज जोशी (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी और कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटा गया काला बैग और उसमें रखे पूरे 1,75,000 रुपये सुरक्षित बरामद कर लिए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
सराहनीय टीम: इस त्वरित कार्रवाई में निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक देवादास भारती, प्रधान आरक्षक किशोर यादव, दीपक जायसवाल और आरक्षक आशीष मानिकपुरी सहित पूरी टीम की विशेष भूमिका रही।

