
बेरला। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा घोषित वर्ष 2026 के बोर्ड परीक्षा परिणामों में बेमेतरा जिले के बेरला विकासखण्ड की बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ग्राम पंचायत रेवे के पूर्व उपसरपंच दिलीप साहू की तीन होनहार सुपुत्रियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र और शिक्षकों का नाम गौरवान्वित किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासकीय कन्या हायर सेकंडरी स्कूल बेरला की छात्रा भूमिका साहू ने कक्षा 12वीं में 87.3% अंक हासिल किए हैं। वहीं, विज़न पब्लिक स्कूल बेरला की जानवी साहू ने कक्षा 8वीं में 94.3% और कल्पना साहू ने 90.46% अंक प्राप्त कर विद्यालय में द्वितीय स्थान हासिल किया है। इन तीनों बहनों ने अपनी इस सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन और माता-पिता के आशीर्वाद को दिया है। बेटियों की इस शानदार उपलब्धि पर दिलीप साहू के परिवार और क्षेत्र में हर्ष की लहर है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी है।

