■बेमेतरा:- जिला मुख्यालय में संचालित छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के दफ्तर में कार्यालयीन समय पर अक्सर ताला लटके रहने का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसके चलते अपने जरूरी कार्यों के लिए दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें बिना काम कराए ही भटकने को मजबूर होना पड़ रहा है। वैसे तो यह ऑफिस फिलहाल जिला पंचायत कार्यालय के पीछे समाज कल्याण, बाल संरक्षण एवं आयुर्वेदिक विभाग के साथ संयुक्त भवन में संचालित हो रहा है। फिलहाल इस कार्यालय की स्थिति यह है कि जहां बाकी तीनों विभागों के अधिकारी-कर्मचारी पूरे समय मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी पर तैनात रहते हैं, वहीं खादी ग्रामोद्योग के जिम्मेदार अफसर और स्टाफ अक्सर नदारद रहते हैं। वही दफ्तर पर ताला जड़े होने के बावजूद वहां बंद रहने का कोई कारण या सूचना तक चस्पा नहीं की जाती, जिससे रोजाना आने वाले ग्रामीणों में असमंजस और भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी कड़ी में बीते शुक्रवार को भी जब कार्यालय में ताला लटका मिला, तो इस संबंध में जानकारी लेने के लिए विभाग के सहायक संचालक राघवेंद्र अग्रवाल के शासकीय दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका सरकारी नंबर भी बंद पाया गया। गौरतलब है कि इससे पूर्व इस पद पर पदस्थ रहे सहायक संचालक क्षीरसागर पराते का कार्यकाल भी काफी विवादों और सुर्खियों में रहा था, जिसके बाद अब नए अधिकारी के समय में भी व्यवस्था जस की तस बनी हुई है। ऐसे में ग्रामीणों के हितों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा तत्काल संज्ञान में लेने की जरूरत है।

