भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के भीतर घुसकर लाखों रुपये का कॉपर स्क्रैप चोरी करने वाले एक शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सीआईएसएफ (CISF) की मुस्तैदी के चलते आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप और चोरी में इस्तेमाल की गई स्वीफ्ट कार जब्त की है। जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब 1,26,000 रुपये आंकी गई है।

प्लेट मिल-03 के पीछे चल रहा था खेल
पुलगांव और भट्ठी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना भिलाई इस्पात संयंत्र के प्लेट मिल-03 के पीछे स्थित क्षेत्र की है। आरोपी नेमचंद यादव अपने अन्य साथियों के साथ संयंत्र परिसर में अवैध रूप से दाखिल हुआ था। ये लोग वहां से भारी मात्रा में स्क्रैप कॉपर समेटकर भागने की फिराक में थे।
तभी मौके पर तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी नेमचंद को पकड़ लिया, जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। सीआईएसएफ की सूचना पर भिलाई भट्ठी थाने में अपराध दर्ज कर मामला विवेचना में लिया गया।

स्वीफ्ट कार में लोड कर रहे थे माल
पुलिस की पूछताछ में आरोपी नेमचंद यादव ने कबूल किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर स्वीफ्ट कार (वाहन क्रमांक: CG 07 BF 9243) में कॉपर स्क्रैप लोड कर चोरी छिपे प्लांट से बाहर ले जाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने कार और 210 किलो कॉपर को विधिवत जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
- नेमचंद यादव (उम्र 32 वर्ष), निवासी: स्टेशन मरोदा बी.आर.पी. कॉलोनी, वार्ड 16 (आजाद स्कूल के पास), नेवई, जिला दुर्ग।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
भिलाई भट्ठी पुलिस ने आरोपी नेमचंद यादव को 25 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस चोरी में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में भिलाई भट्ठी थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश कांत, सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) भारत सिंह चौधरी और प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और औद्योगिक क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय व सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करें। यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

