राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)।
राजनांदगांव की लालबाग थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जो पुलिस को चकमा देने और वाहन की पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेखौफ घूम रहा था। मामले का दूसरा सह-आरोपी (पकड़े गए आरोपी का भाई) फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
ग्राम बनभेड़ी के पास से चोरी हुई थी होंडा शाइन
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी की होंडा शाइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 08 BB 0294) बीते 5 अप्रैल 2026 को ग्राम बनभेड़ी के पास से चोरी हो गई थी। प्रार्थी की शिकायत पर लालबाग थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध क्रमांक 138/2026 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
नई शराब भट्ठी के पास घेराबंदी कर दबोचा
पुलिस अधीक्षक (SP) अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में लालबाग पुलिस लगातार संदिग्धों पर नजर रख रही थी। इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल लेकर नई शराब भट्ठी क्षेत्र में घूम रहा है।
सूचना पर लालबाग पुलिस ने फौरन घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम लोकेश वैष्णव (उम्र 27 वर्ष), निवासी बजरंग चौक वार्ड नं. 07, शंकरपुर (राजनांदगांव) बताया।
पहचान छिपाने के लिए लगाई थी फर्जी नंबर प्लेट
पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी लोकेश वैष्णव ने कबूला कि उसने अपने भाई मिथुन वैष्णव के साथ मिलकर इस मोटरसाइकिल को चोरी किया था। जब पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल की बारीकी से जांच की, तो पता चला कि उस पर असली नंबर की जगह CG 08 SN 4787 की फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके।
बढ़ीं धाराएं, आरोपी गया जेल और भाई की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की होंडा शाइन बाइक जप्त कर ली है। चोरी के साथ-साथ अपराध के साक्ष्य छिपाने और वाहन की पहचान बदलने के जुर्म में पुलिस ने मामले में BNS की धारा 336(3), 238 और 3(5) भी जोड़ दी है। मुख्य आरोपी लोकेश वैष्णव को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं, फरार सह-आरोपी मिथुन वैष्णव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
इस टीम का रहा विशेष योगदान
इस पूरी कार्रवाई में लालबाग थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल, सहायक उप निरीक्षक अश्वनी यदु, आरक्षक राकेश धुर्वे, कमल किशोर यादव तथा सिटी कोतवाली थाना स्टाफ की विशेष व सराहनीय भूमिका रही।
