बेमेतरा: जिला बेमेतरा के थाना साजा अंतर्गत एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक पत्नी ने ही अपने पति की हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ‘अंधे कत्ल’ की गुत्थी सुलझा ली है और मृतका की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
प्रार्थी अमरिका दास कोठारी (55 वर्ष) ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका बेटा हरीचंद कोठारी (जो रायपुर में काम करता था) अपने घर की छत पर मृत अवस्था में मिला। प्रार्थी के अनुसार, हरीचंद की पत्नी कैलाशी बाई ने उन्हें फोन कर सूचना दी थी। जब प्रार्थी घर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उनके बेटे के गले और सिर के पिछले हिस्से पर गंभीर चोट के निशान थे। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या किए जाने की आशंका पर साजा पुलिस ने धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में पत्नी ने कबूला जुर्म
पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव और एसडीओपी विनय कुमार के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान जब पुलिस ने मृतक की पत्नी कैलाशी बाई को संदेह के घेरे में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया।
आपसी झगड़े से तंग आकर दिया वारदात को अंजाम
आरोपिया कैलाशी बाई ने पुलिस को बताया कि उसका पति हरीचंद अक्सर उसके साथ निजी बातों को लेकर मारपीट और झगड़ा करता था। इस प्रताड़ना से तंग आकर उसने गुरुवार रात खौफनाक कदम उठाया। जब पति गहरी नींद में सो रहा था, तब उसने पहले उसका गला दबाया और फिर लोहे के मूसर (वजनदार वस्तु) से उसके सिर और गर्दन पर कई बार वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने बरामद किया हत्या का हथियार
पुलिस ने आरोपी पत्नी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का मूसर और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। कैलाशी बाई कोठारी (26 वर्ष) को आज दिनांक 05 जून 2026 को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना साजा प्रभारी निरीक्षक रोशन लाल टोन्डे और उनकी पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने कम समय में मामले की जटिल गुत्थी को सुलझाकर न्याय सुनिश्चित किया।
पुलिस की अपील: परिवार के बीच किसी भी प्रकार की घरेलू कलह होने पर उचित कानूनी सलाह या परामर्श लें, न कि कानून को अपने हाथ में लेकर ऐसा जघन्य अपराध करें।
