ताज़ा खबर :

राजनांदगांव में साइबर ठग का पर्दाफाश: लड़की बनकर युवकों को जाल में फंसाने वाला आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। सोशल मीडिया पर महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को ब्लैकमेल करने और पैसों की मांग करने वाले एक शातिर साइबर ठग को राजनांदगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को लड़की बताकर बातचीत करता था और पैसे न मिलने पर अश्लील गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देता था।

क्या है पूरा मामला?

थाना लालबाग में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी ने एक युवती को कॉल कर उसके पिता के साथ दुर्घटना होने की झूठी सूचना दी। जब युवती ने इस पर संदेह जताया, तो आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग शुरू कर दिया। बाद में जब युवती के पिता (प्रार्थी) ने संपर्क किया, तो आरोपी ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 219/2026, धारा 296 एवं 351(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

ऐसे करता था ठगी

पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी दीपक कुमार बघेल (22 वर्ष), जो कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले के ग्राम विष्णुपुर का निवासी है, इंस्टाग्राम पर महिलाओं के नाम से फर्जी आईडी बनाता था। वह युवकों को अपने जाल में फंसाकर उनसे पैसों की मांग करता था। यदि कोई पैसे देने से मना करता, तो वह उनकी फोटो को एडिट कर परिजनों को भेजने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था।

पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में साइबर थाना और थाना लालबाग की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस द्वारा पर्याप्त सबूत जुटाने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस की अपील

इस सफल कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार, थाना लालबाग प्रभारी रमेश पटेल और उनकी पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा। राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ निजी जानकारी साझा न करें और किसी भी प्रकार की ब्लैकमेलिंग होने पर तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें।

WhatsApp
Facebook
Telegram
X

ख़बर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें

(संपर्क करें - 8817455556-9630244446)

और पढ़ें